📰

जालोर में स्वतंत्रता दिवस, जन्माष्टमी और श्रावणी उपक्रम पर्व पर विविध कार्यक्रम, भजन व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा माहौल

By Shravan Kumar Oad

Published on:

jalore-79th-independence-day-ceremony

जालोर। आर्य वीर दल एवं आर्य समाज के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस, श्री योगीराज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं श्रावणी उपक्रम पर्व के अवसर पर जालोर में विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में भजन, प्रवचन, देशभक्ति गीतों और खेलकूद प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों में उत्साह का संचार हुआ।

आर्य वीरम व्यायामशाला में भजन संध्या

पुरानी सब्जी मंडी स्थित आर्य वीरम व्यायामशाला में 17 अगस्त की शाम 5 बजे विशेष भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर बिजनौर (उत्तर प्रदेश) से आए आर्य जगत के प्रसिद्ध भजन उपदेशक टीकम सिंह आर्य ‘मधुर’ अपनी मधुर वाणी में सुंदर भजन प्रस्तुत करेंगे।

आर्य वीर दल के महामंत्री शिवदत्त आर्य ने बताया कि 18 अगस्त की सुबह 8 बजे टीकम सिंह आर्य इम्मानुल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में भजन-प्रवचन देंगे। इसके बाद प्रातः 11 बजे नर्सिंग ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट में भी उनका प्रवचन और भजन कार्यक्रम होगा। तत्पश्चात वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

आर्य वीर दल और आर्य समाज द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह

जालोर में 79वां स्वतंत्रता दिवस भी हर्षोल्लास और देशभक्ति के जोश के साथ मनाया गया।
आर्य वीरम व्यायामशाला में अमन चौधरी, आर्य हनुमान व्यायामशाला में सोलंकी ब्रदर्स के कांतिलाल माली व महेंद्र माली, तथा आर्य सुभाष व्यायामशाला में मोहनलाल भांडू ने बच्चों और युवाओं को लड्डू वितरित किए।

समारोह में आर्य समाज के प्रधान दलपत सिंह समाज, आर्य वीर दल के अध्यक्ष कृष्ण कुमार, महामंत्री शिवदत्त आर्य, कोषाध्यक्ष विनोद समाज, चंद्रशेखर शर्मा, महेंद्र माली, मोहनलाल भांडू, शाखा नायक कन्हैयालाल मिश्रा, गणपत आर्य, पूर्व पार्षद भरत भादरु, मोहनलाल भादरु, छगननाथ आर्य, भूराराम, वुशू कोच देवेश आर्य सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

आर्य हनुमान व्यायामशाला में कन्हैयालाल मिश्रा के नेतृत्व में बॉक्सिंग के फ्रेंडली मैच भी आयोजित किए गए, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

ओडवाड़ा संस्कृत विद्यालय में देशभक्ति कार्यक्रम

निकटवर्ती ओडवाड़ा गांव के राजकीय संस्कृत विद्यालय में भी 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े धूमधाम से मनाया गया।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह राजपुरोहित ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

प्रधानाचार्य एवं जिला संस्कृत शिक्षा अधिकारी विजय सिंह इंदा ने स्वतंत्रता संग्राम, संविधान और लोकतंत्र की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा जालोर जिले की विशेष भूमिका के बारे में भी जानकारी दी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में श्रीमती रतना प्राध्यापक के निर्देशन में छात्रों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
शारीरिक शिक्षक ललित कुमार सैनी के मार्गदर्शन में बच्चों ने मानव पिरामिड की शानदार प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने सराहा।

समारोह में रमेश सिंह राजपुरोहित, दुष्यंत सिंह राजपुरोहित, सेवानिवृत्त आबकारी अधिकारी मिश्रीमल, विद्यालय स्टाफ, ग्रामीण व बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन मुकेश सिंह वरिष्ठ अध्यापक ने किया।

देशभक्ति और सामाजिक उत्सव का संगम

जालोर में आयोजित इन कार्यक्रमों ने स्वतंत्रता दिवस को केवल राष्ट्रीय पर्व के रूप में ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक एकता के उत्सव के रूप में भी प्रस्तुत किया। भजन, प्रवचन, खेल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी उम्र के लोगों को जोड़ा और भारत की महान परंपरा को पुनः जीवंत कर दिया।

Leave a Comment