Reporter Shravan Kumar Od Jalore
जयपुर ( 08 सितम्बर 2025 ) राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। जूली ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि पुलिस और जनता उनके सामने पूरी तरह बेबस हो गई है।
आज विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले जूली के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। सभी विधायक प्रदेश में लगातार हो रही आपराधिक वारदातों और सरकार की विफलताओं के खिलाफ बैनर पहनकर नारेबाजी करते हुए सदन में पहुंचे। उन्होंने स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से प्रदेश की कानून व्यवस्था के मुद्दे को सदन में उठाया।
जूली ने कहा कि –
🔹 भाजपा सरकार के कार्यकाल में अपराध नियंत्रण पूरी तरह चौपट हो गया है।
🔹 FIR दर्ज करने से बचने के लिए पुलिस को ऊपर से निर्देश दिए जाते हैं ताकि अपराध के आंकड़े बढ़कर सामने न आएं।
🔹 जनवरी 2024 से जून 2025 तक 6514 हत्या और हत्या के प्रयास, 2966 बलात्कार, 187 दहेज हत्या, 6192 महिला उत्पीड़न और 7849 बलात्कार मामलों ने प्रदेश की तस्वीर भयावह बना दी है।
🔹 जयपुर और जोधपुर जैसे हाई सिक्योरिटी शहरों में भी 2545 डकैती की वारदातें दर्ज हुई हैं।
🔹 प्रदेश में 15840 अपहरण की घटनाएं दर्ज होना स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राजस्थान को नशे और ड्रग्स का गढ़ बना दिया है। वर्ष 2024 में एक्साइज एक्ट के 24161 और एनडीपीएस एक्ट के 5246 मुकदमे दर्ज हुए। चोरी के मामलों में रिकॉर्ड बन गया है और सिर्फ 2024 में ही 43869 एफआईआर दर्ज हुईं।

जूली ने दलितों और पिछड़ों पर बढ़ते अत्याचारों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि विगत छह महीनों में एससी/एसटी के खिलाफ 4093 प्रकरण दर्ज हुए यानी प्रतिदिन औसतन 23 घटनाएं हो रही हैं। दंगों और साम्प्रदायिक तनाव के 486 मामले दर्ज होना सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि –
अपराधियों से मिलीभगत के कारण पुलिस का इकबाल खत्म हो गया है।
भाजपा के मंत्री और विधायक अपने-अपने क्षेत्र के अधिकारियों को उगाही के टारगेट दे रहे हैं।
पुलिस हिरासत में मौतों की संख्या बढ़ रही है और सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही।
जयपुर में आरएएस अधिकारी की दिनदहाड़े हत्या और राजधानी में बढ़ते अपराध सरकार की नाकामी की बड़ी तस्वीर पेश करते हैं।
जूली ने कहा कि जब मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री तक को जान से मारने की धमकियां मिल रही हों, तब आमजन की सुरक्षा की कल्पना करना बेमानी है।
अंत में उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा –
राजस्थान में कानून व्यवस्था ध्वस्त है, जनता त्रस्त है और अपराधी मस्त हैं।

श्रवण कुमार ओड़ जालोर जिले के सक्रिय पत्रकार और सामाजिक विषयों पर लिखने वाले लेखक हैं। वे “जालोर न्यूज़” के माध्यम से जनहित, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों को उजागर करते हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य है—सच दिखाना और समाज की आवाज़ बनना।