
सायला (उम्मेदाबाद): शहर में सोमवार को धर्म और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। श्री जय अम्बे जैन भक्त मंडल दियावट बैंगलोर के तत्वावधान में सायला से अम्बाजी धाम तक 17वीं अखंड जैन संघ पैदल यात्रा की शुरुआत भव्य वरघोड़े के साथ हुई।
हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी
कात्यायनी माता मंदिर प्रांगण से यात्रा की शुरुआत हुई, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वरघोड़े में सुसज्जित रथ पर अम्बे माता की तस्वीर विराजमान थी, जो आकर्षण का केंद्र बनी रही।
भक्ति और उल्लास का माहौल
बैंड पार्टी की मधुर धुनों और भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूम उठे। “जय अम्बे माता” के जयकारों के साथ वरघोड़ा कात्यायनी माता मंदिर से रवाना होकर आम चोहटा, पोस्ट ऑफिस रोड, पुराना बस स्टैंड होते हुए ओटवाला रोड स्थित अम्बे माता मंदिर पहुंचा।
यहां अम्बे माता की महाआरती आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। महाआरती के बाद सवा पांच किलो के लड्डू की प्रसादी बांटी गई।
पैदल यात्रा अम्बाजी धाम के लिए रवाना होगी
आयोजन समिति ने बताया कि मंगलवार सुबह 5 बजे ब्रह्म मुहूर्त में पैदल संघ अम्बे माता मंदिर से रवाना होगा। यह यात्रा बाकरारोड, नून, रामसीन, जीरावला, दतानी तीर्थ, आबुरोड होते हुए आगे बढ़ेगी और 22 सितम्बर, सोमवार को गुजरात स्थित अम्बाजी धाम पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान अम्बाजी धाम में 11 मीटर ऊंची ध्वजा चढ़ाई जाएगी। इस बार संघ में करीब 151 श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष सेवा
इस पैदल यात्रा का लाभ संघवी मातुश्री मिश्रीदेवी देवीचंद लुंकड परिवार दासपां ने लिया है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी, विश्राम और धार्मिक कार्यक्रमों की विशेष व्यवस्था की गई है।

श्रवण कुमार ओड़ जालोर जिले के सक्रिय पत्रकार और सामाजिक विषयों पर लिखने वाले लेखक हैं। वे “जालोर न्यूज़” के माध्यम से जनहित, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों को उजागर करते हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य है—सच दिखाना और समाज की आवाज़ बनना।