
भीनमाल (माणकमल भंडारी)। स्थानीय राजकीय अस्पताल की समस्याओं को लेकर अब राहत की उम्मीद जागी है। भाजपा जिलाध्यक्ष जसराज पुरोहित ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, उनकी उपस्थिति और मरीजों को हो रही दिक्कतों सहित कई मुद्दों का जल्द समाधान किया जाएगा।
समस्याओं से अवगत कराया व्यापार संघ ने
स्थानीय खाद्य व्यापार संघ के अध्यक्ष पारस मोदी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा जिलाध्यक्ष को अस्पताल की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद जसराज पुरोहित ने स्वयं अस्पताल का दौरा किया और मौके की हकीकत जानी।
रिक्त पदों की सूची मांगी, सख्त कार्रवाई के संकेत
अस्पताल का निरीक्षण करते हुए पुरोहित ने वहां मौजूद ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. दिनेश जाम्भाणी से अस्पताल में रिक्त पदों की सूची मांगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जो डॉक्टर केवल हस्ताक्षर कर चले जाते हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
मोबाइल पर किया अधिकारियों से संवाद
भाजपा जिलाध्यक्ष ने मौके पर ही मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी से मोबाइल पर बात कर भीनमाल अस्पताल की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने का आग्रह किया। उन्होंने साफ कहा कि मरीजों को अनदेखा करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मरीजों और नागरिकों से भी की बातचीत
दौरे के दौरान पुरोहित ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और वहां मौजूद नागरिकों से भी बातचीत कर उनकी परेशानियां सुनीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
दौरे की खबर फैलते ही उमड़ी भीड़
जैसे ही खबर फैली कि भाजपा जिलाध्यक्ष अस्पताल पहुंचे हैं, बड़ी संख्या में लोग अस्पताल परिसर में जमा हो गए। लोगों ने इस मौके पर अपनी-अपनी समस्याएं सामने रखीं।

श्रवण कुमार ओड़ जालोर जिले के सक्रिय पत्रकार और सामाजिक विषयों पर लिखने वाले लेखक हैं। वे “जालोर न्यूज़” के माध्यम से जनहित, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों को उजागर करते हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य है—सच दिखाना और समाज की आवाज़ बनना।