📰

मुख्य समारोह में विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने किया ध्वजारोहण

By Shravan Kumar Oad

Published on:

jalore-independence-day-2025-main-ceremony-jogeshwar-garg
jalore-independence-day-2025-main-ceremony-jogeshwar-garg

जालोर, 15 अगस्त 2025 | JALORE NEWS – जालोर जिले में 79वें स्वाधीनता दिवस का मुख्य समारोह शुक्रवार को शाह पूंजाजी गेनाजी स्टेडियम में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया।

परेड निरीक्षण और सलामी

मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण के बाद जोगेश्वर गर्ग ने परेड का निरीक्षण किया तथा परेड कमांडर रिजर्व लाइन निरीक्षक लीलसिंह के नेतृत्व में मार्च पास्ट की सलामी ली।

इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे, जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इंदौलिया, पूर्व विशेष योग्यजन आयुक्त धन्नाराम पुरोहित, पूर्व राज्य मंत्री भूपेन्द्र देवासी, जिला प्रमुख राजेश कुमार, जालोर प्रधान नारायण सिंह राजपुरोहित, पूर्व विधायक रामलाल मेघवाल सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

मुख्य सचेतक का संबोधन

अपने संबोधन में जोगेश्वर गर्ग ने सभी को स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सेवा एवं सुशासन की नीतियों और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास के पथ पर अग्रसर है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के लोक कल्याणकारी फैसले किसानों, युवाओं, महिलाओं, वृद्धजनों और सैनिक कल्याण सहित सामाजिक सुरक्षा, ऊर्जा, पेयजल, सड़क निर्माण आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।

गौरवशाली इतिहास और राष्ट्र सेवा का संकल्प

मुख्य सचेतक ने कहा कि जालोर कवि माघ, ब्रह्मगुप्त और जाबाली ऋषि की कर्मभूमि रहा है, जिसका गौरवमयी इतिहास जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने “केसरी बाना सजाएं” कविता के माध्यम से उपस्थित लोगों को राष्ट्र सेवा का संकल्प दिलाया।

राज्यपाल का संदेश और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेश मेवाड़ा ने माननीय राज्यपाल का आम जनता के नाम संदेश का वाचन किया।

मार्च पास्ट में एनसीसी प्रथम और भारत स्काउट-गाइड द्वितीय स्थान पर रहे। व्यायाम प्रदर्शन में पीएम श्री राउमावि जालोर प्रथम तथा केन्द्रीय विद्यालय जालोर द्वितीय स्थान पर रहा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय और शिवाजी विद्यालय की छात्राओं ने “धरती धोरा री” गीत पर राजस्थानी लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। हिन्दुस्तान स्काउट गाइड ने “संदेशे आते हैं” गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जबकि सेंट पॉल स्कूल के विद्यार्थियों ने “ऑपरेशन सिन्दूर” पर आधारित नाट्य प्रस्तुति से दर्शकों में देशभक्ति का भाव जगाया।

सम्मान और शपथ ग्रहण

समारोह में जिले के 110 उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संचालन निशा एम. कुट्टी, नरपत आर्य और रणजीत कुमार ने किया।

मुख्य सचेतक ने उपस्थित नागरिकों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ भी दिलाई।

अधिकारियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंदकिशोर राजोरा, उप वन संरक्षक जयदेव सिंह चारण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम, कैलाश विश्नोई, भूपेन्द्र सिंह, जालोर उपखण्ड अधिकारी मनोज चौधरी, उप पुलिस अधीक्षक गौतम जैन, रामकुमार भूतड़ा, तहसीलदार बाबूसिंह राजपुरोहित, डॉ. अशोक जैन, रवि सोलंकी, दिनेश महावर, सुरेश सोलंकी, सुरेश सुन्देशा सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।

अन्य स्थानों पर भी ध्वजारोहण

मुख्य समारोह से पूर्व कलेक्ट्रेट परिसर में जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे, जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर शैलेन्द्र इंदौलिया, उपखण्ड कार्यालय जालोर पर मनोज चौधरी और तहसील कार्यालय पर बाबूसिंह राजपुरोहित ने ध्वजारोहण किया। इसके अलावा जिले के सभी विभागों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित हुए।

Leave a Comment