मंदिर में दर्शन कर घर लौट रहे थे बाइक सवार, दो की दर्दनाक मौत, एक का बुरा हाल
![]() |
Bike-riders-were-returning-home-after-visiting-the-temple-painful-death-of-two-bad condition-of-one |
मंदिर में दर्शन कर घर लौट रहे थे बाइक सवार, दो की दर्दनाक मौत, एक का बुरा हाल
पाली / जालोर ( 25 अगस्त 2023 ) पाली जिले के गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र के देवान गांव के निकट मंदिर में दर्शन कर घर लौट रहे बाइक सवार तीन जनों को सामने से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। इससे दो जनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि एक गंभीर घायल हो गया। उसे बांगड़ अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहीं मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार दोपहर को गुड़ा एंदला थाना क्षेत्र के देवान गांव के निकट हुआ। मंदिर के दर्शन कर एक बाइक पर अमराराम देवासी, मांगीलाल देवासी और सरदारराम देवासी आ रहे थे। देवान गांव के निकट सामने से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों हवा में करीब 20 फीट ऊपर उछलकर नीचे गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से देवान (गुड़ा एंदला) निवासी 60 साल के अमराराम पुत्र वजाराम देवासी और जालोर जिले के रूणमाल की ढाणी भाद्राजून (आहोर) निवासी 35 साल के मांगीलाल पुत्र काणाराम देवासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। देवान (गुड़ा एंदला) निवासी 40 साल का सरदारराम पुत्र पन्नाराम देवासी गंभीर घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल लाया गया।
घायल को गाड़ी में डालकर अस्पताल पहुंचाया
हादसे के दौरान देवान गांव निवासी रूपाराम देवासी वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने घायल सरदारराम को तड़पते देख उसे अपनी गाड़ी में डालकर बांगड़ अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को भी दी।
JALORE NEWS
खबर और विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें
एक टिप्पणी भेजें