जयपुर BJP मुख्यालय में हाथापाई का मामला: पार्टी ने लिया बड़ा फैसला, प्रदेश महामंत्री जावेद कुरैशी को मिली ये सजा
![]() |
Case-of-scuffle-in-Jaipur-BJP-headquarters-Party-took-a-big-decision |
जयपुर BJP मुख्यालय में हाथापाई का मामला: पार्टी ने लिया बड़ा फैसला, प्रदेश महामंत्री जावेद कुरैशी को मिली ये सजा
जयपुर ( 27 फरवरी 2025 ) Rajasthan BJP News: राजधानी जयपुर स्थित भाजपा मुख्यालय में गुरुवार को अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक के दौरान दो कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हो गई। इस विवाद के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौजूद थे। इस हाथापाई के चलते भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश महामंत्री जावेद कुरैशी को पद से हटा दिया।
प्रदेशाध्यक्ष ने लिया बड़ा फैसला
इधर, इस घटना के तुरंत बाद भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने कड़ा कदम उठाते हुए जावेद कुरैशी को उनके पद से हटा दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यालय में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी बैठक में आपके द्वारा हाथापाई एवं मारपीट की गई जो कि पार्टी के संविधान अनुसार अनुशासनहीनता में आता है। इसलिए आपको भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश महामंत्री के पद से तुरन्त प्रभाव से पदमुक्त किया जाता है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
दरअसल, घटना भाजपा मुख्यालय में उस समय हुई जब अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक शुरू होने वाली थी। जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ मंच की ओर बढ़े, मोर्चे के प्रदेश महामंत्री जावेद कुरैशी ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस पर कार्यकर्ता जैकी भड़क गए और उन्होंने जावेद कुरैशी को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई और बैठक का माहौल गरमा गया।
घटना होते ही भाजपा के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों को अलग करने की कोशिश की। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी स्थिति को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन विवाद जारी रहा। मामला बिगड़ता देख पार्टी नेतृत्व ने दोनों को शांत करवाया।
मदन राठौड़ देखते रहे और लात घूंसे चलते रहे
गुरुवार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक थी। बैठक की अध्यक्षता अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने की। इस बैठक में मोर्चा के प्रदेश संगठन के सभी पदाधिकारी मौजूद थे। जिला अध्यक्षों और जिला महामंत्रियों को भी बैठक में बुलाया गया। बैठक में पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के फिर से निर्वाचित होने पर सम्मान किया जाना था। जब बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ अल्पसंख्यक मोर्चा की बैठक में पहुंचे तो पदाधिकारी उन्हें मंच तक लेकर आए। राठौड़ को मंच तक लाने वाले पदाधिकारी मंच पर लगी कुर्सी पर बैठने लगे तो पंगा शुरू हो गया। मंच पर पहले से मौजूद पदाधिकारियों ने राठौड़ के साथ आए पदाधिकारी को कुर्सी से उठाया और नीचे की ओर धक्का दिया। इसी दरमियान दो पदाधिकारियों में लात घूंसे चलने लगे।
एक दूसरे की कॉलर पकड़ कर हुए गुत्थमगुत्था
मंच पर प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ बैठे थे और बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी आपस में लड़ते रहे। मंच से ही दोनों ने एक एक हाथ से दूसरी की कॉलर कसकर पकड़ रखी थी। दूसरे हाथ से मुक्के बरसाते रहे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से सब चकित रह गए। कुछ पदाधिकारी दोनों को अलग अलग करने की कोशिश में जुटे लेकिन दोनों ने एक दूसरे को कसकर पकड़ रखा था। ऐसे में उन्हें अलग अलग करना आसान नहीं था। जब अन्य कार्यकर्ताओं ने दोनों के हाथ पकड़े तो वे सिर भिड़ाकर लड़ने पर उतारू हो रहे थे। आखिर में बड़ी मुश्किल से दोनों पदाधिकारियों को अलग अलग किया और दोनों को मंच से नीचे लाया गया।
स्वागत को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि घटना दो कार्यकर्ताओं के बीच हुई, वहीं बैठक में मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने स्थिति को संभालने की पूरी कोशिश की और दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया. सूत्रों का कहना है कि यह विवाद तब शुरू हुआ, जब एक कार्यकर्ता ने दूसरे पर स्वागत में लापरवाही का आरोप लगाया, जिसके बाद बात बढ़ती चली गई. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मामले को शांत कराने की कोशिश भी की, लेकिन कार्यकर्ताओं के बीच विवाद चलता रहा.
राठौड़ ने दोनों की हिदायत
पार्टी के दो पदाधिकारियों द्वारा आपस में भिड़ने के दौरान बीजेपी मुख्यालय में मीडियाकर्मी मौजूद थे। बैठक को कवरेज करने के लिए मीडियाकर्मियों को पहले से आमंत्रण भेजा हुआ था। मारपीट और लात घूंसे चलने का पूरा घटनाक्रम कैमरों और मोबाइल में कैद हो गया और कुछ ही मिनट बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पूरे घटनाक्रम के बाद बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हमीद खान मेवाती से रिपोर्ट मांगी है। साथ ही दोनों पदाधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई। मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी कार्यालय में इस तरह की हरकत से संगठन की छवि खराब होती है। उन्होंने मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई करने की बात भी कही।
JALORE NEWS
खबर और विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें
एक टिप्पणी भेजें