राहुल गांधी ने बढ़ाई गहलोत की मुश्किल:राहुल के कारण अब दुविधा में सीएम - JALORE NEWS
![]() |
Changing-thoughts-on-Rahul's-lockdown-discussions-in-political-circles |
राहुल गांधी ने बढ़ाई गहलोत की मुश्किल:राहुल के कारण अब दुविधा में सीएम - JALORE NEWS
जयपुर ( 6 मई 2021 ) कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के देशव्यापी लॉकडाउन पर दो दिन में ही दो विचार सामने आ गए। राहुल गांधी के लॉकडाउन पर बदलते विचारों ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अजीब दुविधा में डाल दिया। राहुल गांधी ने 4 मई को ट्वीट करके देशव्यापी लॉकडाउन को ही एकमात्र उपाय बताया। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दो दिन बाद राहुल गांधी के उस ट्वीट का समर्थन करते हुए संपूर्ण लॉकडाउन की जबर्दस्त वकालत की। गहलोत के ट्वीट के चार घंटे बाद ही राहुल गांधी ने आज विचार बदलते हुए संपूर्ण लॉकडाउन को गलत करार देते हुए इसका विरोध कर दिया।
राहुल गांधी ने चार मई को ट्वीट कर लिखा-मैं यह साफ कर देना चाहता हूं कि भारत सरकार की रणनीतिक कमी के बाद अब लॉकडाउन ही एकमात्र विकल्प बचा है। उन्होंने वायरस को न केवल आने दिया, बल्कि इस स्टेज तक पुहंचने में मदद की, अब इसे रोकने का दूसरा कोई रास्ता नहीं है। भारत के खिलाफ अपराध किया गया है।
राहुल गांधी के ट्वीट के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज लॉकडाउन के आइडिया का खुलकर समर्थन किया। गहलोत ने दोपहर बाद 3 बजे तीन ट्वीट किए। गहलोत ने लिखा- मैं राहुल गांधी के उस आह्वान का पूरी तरह समर्थन करता हूं, जिसमें उन्होंने लॉकडाउन को ही अब अंतिम विकल्प बताया है। गहलोत ने आगे लिखा- पिछले साल जिस तरह हमने देखा किस तरह गरीब लोगों, प्रवासी श्रमिकों और आम आदमी को कठिनाइयां हुईं। उस तरह की कठिनाइयों से बचने के लिए एक अच्छी तरह से योजनाबद्ध लॉकडाउन वायरस की चैन को तोड़ने में मददगार हो सकता है और देश को बेहतर तैयार होने में मदद कर सकता है।
गहलोत के समथर्न के चार घंटे बाद ही राहुल ने फिर बदला विचार
अशोक गहलोत के समर्थन करने के चार घंटे बाद ही लॉकडाउन पर राहुल गांधी के विचार बदल गए। राहुल गांधी ने गहलोत के समर्थन के चार घंटे बाद ही ट्वीट किया- पिछले साल का अनियोजित लॉकडाउन जनता पर घातक वार था इसलिए मैं सम्पूर्ण लॉकडाउन के ख़िलाफ़ हूं। लेकिन पीएम की नाकामी केंद्र सरकार की ज़ीरो रणनीति देश को पूर्ण लॉकडाउन की ओर धकेल रहे हैं।ऐसे में ग़रीब जनता को आर्थिक पैकिज और तुरंत हर तरह की सहायता देना ज़रूरी है।
राहुल के लॉकडाउन पर बदलते विचारों ने सियासी हलकों में चर्चाएं
राहुल गांधी के लॉकडाउन पर दो दिन में ही दो विचार सामने आने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के लिए असहज स्थति हो गई। राहुल के लॉकडाउन के आइडिया का समर्थन करने के बाद राजस्थान में भी उसी तर्ज पर संपूर्ण लॉकडाउन लगाने से जोड़ा गया, हालांकि गहलोत ने योजनाबद्ध लॉकडाउन का तर्क भी साथ में दिया था, जिसकी वजह से फेस सेविंग का रास्ता बचा रह गया। सियासी हलकों में राहुल गांधी के बदलते विचार और गहलोत की दुविधा केा लेकर खूब चर्चाएं हो रही है।
एक टिप्पणी भेजें