Monsoon Update 2024 : राजस्थान में अब जल्द होगी मानसून की एंट्री, आया नया अपडेट
![]() |
Monsoon-Update-2024 |
Monsoon Update 2024 : राजस्थान में अब जल्द होगी मानसून की एंट्री, आया नया अपडेट
जयपुर ( 30 मई 2024 ) Monsoon Update 2024 : खुशखबर। आईएमडी ने औपचारिक तौर पर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के केरल पहुंचने की घोषणा कर दी है। वैसे तो मानसून 1 जून को केरल पहुंचता है पर इस साल अपने तय समय से तीन दिन पहले ही मानसून पहुंच गया है।
इधर मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राजस्थान में 25 जून के इर्दगिर्द मानसून की एंट्री होगी। हालांकि अभी इसे लेकर कोई तारीख जारी नहीं की गई है। राजस्थान में आज 30 मई को नौतपा का छठा दिन है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 1 जून से प्रदेश में हीटवेव का दौर कुछ थम सकता है। मौसम विभाग के अपडेट के अनुसार 31 मई से राज्य के 11 जिलों में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है। बारिश-आंधी का यह दौर 2 जून तक जारी रह सकता है।
Monsoon Update 2024 : राजस्थान में मानसून अच्छा रहने की उम्मीद
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि इस बार केरल में समय से तीन दिन पहले मानसून प्रवेश कर चुका है। राजस्थान में मानसून सामान्य तौर पर 25 जून को एंट्री करता है। ऐसा अनुमान है कि केरल में मानसून आने के 25 दिन बाद राजस्थान में एंट्री होती है। संभावना है कि जून के आखिरी सप्ताह में राज्य में मानसून की एंट्री हो सकती है। हालांकि अभी तारीख बताना संभव नहीं है। इस बार राज्य में मानसून अच्छा रहने की उम्मीद है। कई स्थानों पर सामान्य और कई जगह सामान्य से ज्यादा बारिश का पूर्वानुमान है।
तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की होगी गिरावट
मौसम विज्ञानियों के अनुसार गुरुवार से पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में और शुक्रवार से पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शुक्रवार को जयपुर, बीकानेर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में आंधी बारिश की संभावना है। वैसे अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री से नीचे दर्ज होने की संभावना है।
31 मई से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
जयपुर मौसम केंद्र निदेशक राधेश्याम शर्मा ने कहा कि 31 मई यानि की शुक्रवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 31 मई को राज्य के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं मेघ गर्जन, आंधी व हल्की बारिश होने की संभावना है। आंधी-बारिश की गतिविधियां राज्य के पश्चिमी, उत्तरी भागों में कहीं-कहीं 1-2 जून को भी होने की प्रबल संभावना है। साथ ही विक्षोभ के प्रभाव से आगामी तीन-चार दिन राज्य के कुछ भागों में तेज सतही हवाएं 25-30 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से चलने की संभावना है।
मौसम विभाग का अपडेट
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 15 से अधिक शहरों का पारा 45 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। गुरुवार को प्रदेश के 11 जिलों में आंधी और तेज हवा का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
JALORE NEWS
खबर और विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें
एक टिप्पणी भेजें