शोभायात्रा में झांकिया, पंजाबी ढोल व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा अखाड़े के प्रदर्शन रहे विशेष आकर्षण - JALORE NEWS
![]() |
A-grand-procession-with-special-tableaux-was-taken-out-on-the-occasion-of-Shri-Ram-Janmotsav |
श्रीराम जन्मोत्सव पर विशेष झांकियों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा - A grand procession with special tableaux was taken out on the occasion of Shri Ram Janmotsav
पत्रकार श्रवण कुमार ओड़ जालोर
जालोर ( 6 अप्रैल 2025 ) JALORE NEWS रामनवमी के पावन पर्व पर रविवार को जालोर नगर भगवान श्रीराम की भक्ति में डूब गया। विश्व हिन्दू परिषद से प्रेरित सनातन महोत्सव समिति द्वारा आयोजित भव्य शोभायात्रा ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक वैभव और जनसमूह की एकता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। शोभायात्रा की शुरुआत प्रातः 9 बजे तिलक द्वार से भारत माता चौक पर हुई, जहां साधु-संतों की गरिमामयी उपस्थिति में भगवान श्रीराम के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ हुआ।
संतों के सान्निध्य में हुआ भक्ति का आरंभ
शोभायात्रा का शुभारंभ शान्तिनाथजी महाराज की असीम कृपा एवं गंगानाथजी महाराज के पावन आशीर्वाद से हुआ। इस अवसर पर मलकेश्वर मठ के श्रवणभारतीजी, हल्देश्वर मठ के मोहननाथजी, धूणीया मठ के सोमपुरीजी, जालंधरनाथ अखाड़े के गोपालनाथजी तथा चामुंडा माता मंदिर के पुजारी महंत पवनपुरी महाराज सहित अनेक साधु-संतों ने श्रीराम प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर नगरवासियों को आशीर्वाद प्रदान किया।
राम झांकियों और भक्तिमय वातावरण ने मोहा मन
शोभायात्रा में अयोध्या राम मंदिर की प्रतिकृति, श्रीराम-सीता दरबार, हनुमानजी और वानर सेना, श्रीश्याम दरबार जैसी झांकियों ने श्रद्धालुओं को अयोध्या जैसा अनुभव कराया। घोड़ों पर सवार नन्हे बालक, भजन मंडलियां, भगवा ध्वज लहराते कार्यकर्ता, और डीजे पर भक्ति गीतों पर झूमते युवा शोभायात्रा को आकर्षण का केंद्र बना रहे थे।
ढोल की थाप और तलवारों की चमक
ढोल की थाप पर झूमे श्रद्धालु, अखाड़ा प्रदर्शन ने लूटी वाहवाही
शोभायात्रा में पंजाबी ढोल की थाप पर करतब दिखाते कलाकारों की प्रस्तुतियां जहां रोमांचित कर रही थीं, वहीं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नासिक ढोल की धुन पर अखाड़ा प्रदर्शन, तलवारबाजी, दण्डबाजी जैसे अद्वितीय कौशलों का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
ऐसा रहा शोभायात्रा का रूट
भारत माता चौक से प्रारंभ होकर शोभायात्रा हरिदेव जोशी सर्किल, पंचायत समिति, भक्त प्रहलाद चौक, बड़ी पोल, घांचियों की पिलानी, सदर बाजार, माणक चौक, गांधी चौक, सूरजपोल, कालका कॉलोनी, जागनाथ महादेव गली, राजेन्द्र नगर, अस्पताल चौराया होते हुए पुनः तिलक द्वार स्थित रामदेवजी मंदिर पहुंची। वहाँ साधु-संतों की मौजूदगी में भगवान श्रीराम की महाआरती कर प्रसादी वितरण के साथ यात्रा का समापन हुआ।
जनसमूह ने किया भव्य स्वागत
पूरे मार्ग में शहरवासियों, व्यापारियों, विभिन्न समाजों व संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा, शरबत, फलाहार, जलपान की व्यवस्थाओं के साथ शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया। घर-घर से श्रद्धालुओं ने रामभक्ति में भागीदारी की।
धार्मिक सौहार्द और सांस्कृतिक गौरव का भव्य संगम
यह शोभायात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की जीवंत झलक, समाज की एकता, और राम नाम की अलौकिक शक्ति का प्रतीक बन गई। श्रद्धालुओं ने रामभक्ति में डूबकर यह सिद्ध कर दिया कि जालोर की धरती पर धर्म, संस्कृति और अध्यात्म की परंपराएं आज भी जीवंत हैं।
धार्मिक उत्साह चरम पर:
कार्यक्रम में जालोर के कोने-कोने से जुटे श्रद्धालुओं, साधु-संतों, मातृशक्ति और युवाओं की उपस्थिति ने यह सिद्ध कर दिया कि जालोर की धरती आज भी रामभक्ति में डूबी हुई है। रामनवमी के इस पर्व ने धार्मिक एकता, उत्साह और श्रद्धा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।
विधानसभा मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने श्रीराम नवमी शोभायात्रा में लिया भाग
राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक व जालोर विधायक जोगेश्वर गर्ग ने रविवार को नगर में आयोजित श्रीराम नवमी की भव्य शोभायात्रा में सहभागिता कर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शोभायात्रा के दौरान जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रभु श्रीराम के चरित्र और जीवन मूल्यों को जन-जन के लिए प्रेरणास्त्रोत बताया।
रामभक्ति में डूबा जालोर, विधायक ने किया नमन
शोभायात्रा में विधायक गर्ग ने कहा,
"श्रीराम का आदर्श चरित्र, रघुनाथ का दिव्य व्यक्तित्व और रघुवीर का शौर्य हमें जीवन में सत्य, सेवा और साहस की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। हम सभी पर प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद सदा बना रहे।"
उन्होंने प्रभु श्रीराम के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए नगरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
JALORE NEWS
खबर और विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें
एक टिप्पणी भेजें