जिले में 10 लाख 15 हजार 386 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया - JALORE NEWS
![]() |
Total-69.77-percent-voting-took-place-in-the-district |
जिले में कुल 69.77 प्रतिशत मतदान हुआ - Total 69.77 percent voting took place in the district
जालोर ( 26 नवम्बर 2023 ) JALORE NEWS जिले में विधानसभा आम चुनाव-2023 के तहत 25 नवम्बर को मतदान सम्पन्न हुआ जिसमें पांचों विधानसभाओं में कुल 10 लाख 15 हजार 386 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले में 25 नवम्बर को हुए मतदान का कुल प्रतिशत 69.77 रहा जिसमे सर्वाधिक मतदान सांचौर विधानसभा में 80.91 प्रतिशत तथा सबसे कम आहोर विधानसभा में 61.24 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार जालोर विधानसभा में 62.72 प्र्रतिशत, भीनमाल विधानसभा में 65.34 प्रतिशत व रानीवाडा विधानसभा में 77.89 प्रतिशत मतदान हुआ।
उन्होंने बताया कि जिले की पांचों विधानसभाओं में हुए मतदान में कुल 10 लाख 15 हजार 386 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया जिसमे 5 लाख 25 हजार 92 पुरूष व 4 लाख 90 हजार 291 महिला मतदाताओं व 3 ट्रांसजेण्डर ने मतदान किया। आहोर विधानसभा में 1 लाख 66 हजार 191 मतदाताओं ने मतदान किया जिसमें 82 हजार 490 पुरूष व 83 हजार 701 महिलाओं ने मतदान किया। जालोर विधानसभा में 1 लाख 80 हजार 585 मतदाताओं ने मतदान किया जिसमें 92 हजार 411 पुरूष व 88 हजार 174 महिला मतदाताओं ने मतदान किया। भीनमाल विधानसभा में कुल 2 लाख 1 हजार 792 मतदाताओं ने मतदान किया जिसमें 1 लाख 4 हजार 627 पुरूष व 97 हजार 164 महिला मतदाताओं एवं 1 ट्रांसजेण्डर मतदाता ने मतदान किया। सांचौर विधानसभा में कुल 2 लाख 55 हजार 89 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया जिसमें 1 लाख 35 हजार 466 पुरूष व 1 लाख 19 हजार 622 महिला मतदाताओं एवं 1 ट्रांसजेण्डर मतदाता ने मतदान किया तथा रानीवाडा विधानसभा में कुल 2 लाख 11 हजार 729 मतदाताओं ने मतदान किया जिसमें 1 लाख 10 हजार 98 पुरूष व 1 लाख 1 हजार 630 महिला मतदाताओं एवं 1 ट्रांसजेण्डर मतदाता ने मतदान किया।
जालौर में अनिता के जज्बे को सलाम, कैंसर की लास्ट स्टेज में भी किया मतदान
धवला गांव में कार्यरत एएनएम अनिता व्यास ने शनिवार को मतदान किया। अनिता कैंसर से पीड़ित हैं। सेवा कार्य से जुड़ी 57 वर्षीय अनिता जब बूथ पर मतदान के लिए पहुंची तो लोग उन्हें देखते रह गए। मतदान के बाद वे अपनी ड्यूटी पर लौट गई। बता दें एएनएम अनिता कैंसर से पीड़ित हैं और इनकी बीमारी की लास्ट स्टेज है। इस गंभीर बीमारी की जानकारी अनिता को 2019 में जांच के दौरान हुई। मूल रूप से जोधपुर की अनिता पिछले 17 साल से धवला में एएनएम पद पर कार्यरत हैं, अब तक हुए सभी चुनावों में उन्होंने मतदान भी किया।
जालौर में 18 बार कीमोथैरेपी हो चुकी
अनिता ने जोधपुर ने सरकारी उपचार के साथ साथ निजी अस्पताल में भी जांच करवाई है। अब तक 18 बार कीमोथैरेपी भी हो चुकी है। कैंसर का अंतिम स्टेज (मेटा स्टेटिक्स) है। जिसमें पूरे शरीर में कैंसर फैल चुका है। लंग्स भी 70 प्रतिशत तक इंफेक्टेट हो चुके हैं। इस गंभीर स्थिति में भी अनिता चिंतित नहीं है। सहज रूप से कहती हैं अभी बहुत से सेवा कार्य शेष है, उन्हें पूरा किए बिना मैं दुनिया को अलविदा नहीं कहूंगी।
जालौर में 55 बार रक्तदान कर चुकी
युवा अवस्था से ही एएनएम अनिता को सेवा कार्य करने का जुनून रहा। रक्तदान को उन्होंने इसका माध्यम बनाया। कैंसर पीड़ित होने से पहले 2017 तक 55 बार रक्तदान कर चुकी है। इस जन सेवा के कार्य के कारण उन्हें राज्य स्तर पर 2 बार और जिला मुख्यालय पर दर्जनभर बार सम्मानित किया जा चुका है ।
Rajasthan Election Result: राजस्थान में बंपर वोटिंग से बड़ा संकेत, क्या फिर सत्ता परिवर्तन होगा?
Rajasthan Election Result: राजस्थान की 199 विधानसभा सीटों पर शनिवार को हुए चुनाव में 75.25 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। 2018 के विधानसभा चुनाव में भी 199 सीटों पर चुनाव हुआ था। उस समय राज्य में 74.06 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। 2013 में 75.04 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। 2008 में 66.25 प्रतिशत, 2003 में 67.18 और 1998 में 63.39 प्रतिशत वोट पड़े थे।
दांव पर दिग्गज नेताओं की किस्मत
अब कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईवीएम मशीनों को संग्रहण केन्द्रों में रखा गया है। मतगणना तीन दिसंबर को मतगणना होगी, उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित होगा। विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद अब सबकी निगाहें चुनाव परिणामों पर है। 3 दिसंबर को साफ हो जाएगा कि राजस्थान में ऊंट किस करवट बैठता है। कांग्रेस का लक्ष्य सत्तारूढ़ पार्टी को हर पांच साल में सत्ता से बाहर करने के रिवाज को खत्म करना है, जबकि भाजपा अगले साल लोकसभा चुनाव से पहले राज्य में वापसी करना चाहती है। 2023 के विधानसभा चुनाव में श्रीगंगानगर जिले के करणपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी एवं विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण करणपुर सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया था।
राजस्थान विधानसभा चुनाव में दिग्गज नेताओं में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़, उपनेता प्रतिपक्ष डॉ. सतीश पूनियां, स्वायत शासन मंत्री शांति धारीवाल, शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला सहित गहलोत सरकार के कई मंत्री, भाजपा सांसद दीया कुमारी, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, बाबा बालकनाथ, किरोड़ी लाल मीणा एवं देवजी पटेल एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुभाष महरिया, रालोपा के संयोजक एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल का चुनावी भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। इसी तरह भाजपा एवं कांग्रेस के कई विधायकों सहित इस चुनाव में हिस्सा लेने सभी उम्मीदवारों का चुनावी भाग्य ईवीएम में बंद हो गया जो तीन दिसंबर मतगणना के दिन खुलेगा।
मतदान बढ़ा और घटा और कब किसकी सत्ता आई
मतदान प्रतिशत बढ़ने पर राजनीतिक पंडितों का कहना है कि वोटिंग बढ़ना कांग्रेस के लिए नुकसानदायक हो सकता है। हालांकि कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियां अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही हैं। राजस्थान में पिछले 30 वर्षों से हर चुनाव के बाद सत्ता परिवर्तन होता आया है। इन छह चुनावों में 4 बार मतदान प्रतिशत बढ़ा और 2 बार कम हुआ। मगर... सत्ता परिवर्तन जरूर हुआ। अब 2023 में मतदान 75.25 हुआ है, जो गत चुनाव 2018 के मुकाबले अधिक है। फिर सत्ता परिवर्तन होगा या कांग्रेस सरकार रिपीट होगी। यह 3 दिसंबर को चुनाव परिणाम के बाद ही साफ होगा।
2003 में गहलोत सरकार के समय हुए चुनाव में भाजपा ने 120 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। कांग्रेस 56 सीटों पर सिमट गई। 2008 में वसुंधरा राजे सरकार के समय हुए चुनाव में मतदान प्रतिशत गिरा। इसके बावजूद प्रदेश में सत्ता बदली। बसपा के 6 विधायकों को साथ लेकर कांग्रेस ने सरकार बनाई। 2013 में गहलोत सरकार के समय हुए चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला। भाजपा को 163 सीटें मिली, वहीं, कांग्रेस 21 सीटों पर सिमट गई। भाजपा की सरकार बनी। 2018 में वसुंधरा सरकार में चुनाव हुआ, वोट प्रतिशत गत चुनाव से 0.50 फीसदी कम रहा। 100 सीटें जीतने वाली कांग्रेस ने सरकार बनाई।
JALORE NEWS
खबर और विज्ञापन के लिए सम्पर्क करें
एक टिप्पणी भेजें